कासगंज। विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो गई है। 30 नवंबर को 2 केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। इस बार परीक्षा में 793 विद्यार्थी शामिल होंगे।
शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित होने वाली विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा के लिए इस बार 793 विद्यार्थियों ने अपने आवेदन किए हैं। इनमें 338 बालक तथा 455 बालिकाएं शामिल हैं। यह संख्या गत वर्ष की तुलना में करीब आधी है। विगत वर्ष 1400 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए अपने पंजीकरण कराए थे। पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कासगंज में कासगंज, सोरों, अमांपुर, सहावर तथा एसबीआर इंटर कॉलेज पटियाली में पटियाली, गंजडुंडवारा व सिढ़पुरा के विद्यार्थी शामिल होंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। केंद्र निर्धारित कर दिए गए हैं। शीघ्र ही परीक्षा के प्रवेश पत्र आने की उम्मीद है।