निजी अस्पतालों में मानकों की कमी पर शासन ने सख्ती की है। खामियां मिलने पर प्रदेश के 79 अस्पतालों की आयुष्मान भारत योजना से छुट्टी कर दी गई है। इसमें आगरा-अलीगढ़ मंडल के भी नौ अस्पताल शामिल हैं। इन अस्पतालों को नोटिस जारी किए गए हैं। अस्पताल में मानक पूरे न होने पर इलाज की गुणवत्ता में कमी की पूरी संभावना रहती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते सप्ताह आयुष्मान भारत योजना में शामिल अस्पतालों की समीक्षा की थी। इस दौरान 200 अस्पतालों में चिकित्सकीय मानकों में खामियां और डाटा फीडिंग में गड़बड़ी मिली थी। जांच के बाद कार्रवाई करते हुए प्रदेश के 79 अस्पतालों को योजना से हटा दिया गया है। मानकों की कमी के कारण मरीजों के इलाज, ऑपरेशन समेत अन्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इसमें आगरा के जय हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, कैलाशकांत हॉस्पिटल और डॉ. अनूप दीक्षित हाॅस्पिटल हैं। मथुरा के प्रभाकर हॉस्पिटल, सिटी सुपर स्पेशियलिटी सेंटर और मैनपुरी का शिवम मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल है। अलीगढ़ के राठी हॉस्पिटल और श्री साईं हाॅस्पिटल और हाथरस का सुजाता हॉस्पिटल शामिल है।
17 अस्पतालाें के आयुष्मान पोर्टल होल्ड
अस्पताल का पंजीकरण, अग्निशमन विभाग की एनओसी, बायोमेडिकल वेस्ट का निस्तारण होने पर कार्यदायी संस्था का प्रमाणपत्र, प्रदूषण नियंत्रण विभाग के प्रमाणपत्र समेत 17 बिंदुओं पर ऑनलाइन रिपोर्ट अपडेट करनी थी। कई बार नोटिस देने पर भी पोर्टल पर ये जानकारी नहीं दी गईं। आगरा में 17 अस्पतालों के आयुष्मान भारत योजना के पोर्टल होल्ड कर दिए गए हैं। इनकी भी जांच कराई जा रही है। पोर्टल लॉगइन नहीं होने पर अस्पताल संचालक सीएमओ कार्यालय पहुंचकर शिकायत कर रहे हैं।
मानकों पर बरत रहे सख्ती
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि आयुष्मान योजना में चिकित्सकीय मानकों को अपडेट करना जरूरी है। इनकी कमी पर तीन अस्पताल आगरा से हटाए गए हैं। बाकी के अस्पतालों में निरीक्षण कर सभी मानकों का भौतिक सत्यापन भी कराया जा रहा है।
मानकों का कराते हैं ऑडिट
आईएमए अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने बताया कि अस्पतालों में चिकित्सकीय मानकों का सालाना ऑडिट कराते हैं। इसमें जरूरी मानकों पर रिपोर्ट भी लगती है। इसके लिए आईएमए के सभी सदस्यों को अवगत भी करा दिया है। देरी होने के कारण भी विभागीय एनओसी पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पाती हैं।
आगरा में आयुष्मान योजना के आंकड़े
9.80 लाख लोगों के बने हैं कार्ड
66 हजार कार्डधारक 70 से अधिक उम्र के
136 : अस्पताल आगरा में हैं पंजीकृत
78 निजी अस्पताल
58 सरकारी अस्पताल