कासगंज। जिले में मतदाताओं की सुविधा के लिए पोलिंग स्टेशनों की संख्या में वृद्धि की गई है। तीनों विधानसभाओं में 77 पोलिंग स्टेशन बढ़ाए गए हैं। बढ़ाए गए पोलिंग स्टेशन की सूची भी निर्वाचन कार्यालय ने जारी कर दी है।
जिले की तीनों विधानसभाओं में अभी तक 1149 पोलिंग स्टेशनों के माध्यम से मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते रहे हैं। कहीं पोलिंग स्टेशन की दूरी अधिक होने या कहीं अन्य प्रकार की समस्या से मतदाताओं को होने वाली दिक्कत को देखते हुए नए पाेलिंग स्टेशन बनाने के लिए मांग की जा रही थी। इसके बाद निर्वाचन विभाग ने जिले की तीनों विधानसभाओं में 77 पोलिंग स्टेशन बढ़ाए हैं। इनमें कासगंज विधान सभा में 406 के स्थान पर 437, अमांपुर विधानसभा में 358 के स्थान पर 373, पटियाली विधानसभा में 385 के स्थान पर 416 पोलिंग स्टेशन किए गए हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज गुप्ता ने बताया कि जिले की तीनों विधानसभाओं में पोलिंग स्टेशन की संख्या बढ़ाई गई है। इनकी सूची जारी कर दी गई है।