नेशनल चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एक संस्था नहीं, बल्कि ब्रांड है। इसका एक-एक व्यापारी आगरा की पहचान बन गया है। गुणवत्ता के बलबूते इनका प्रोडक्ट देशभर में लोगों की जुबां पर है। चैंबर के 76वें स्थापना दिवस पर केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने ये बातें कहीं।
फतेहाबाद रोड स्थित होटल में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता प्रो. बघेल ने कहा कि उद्यम के चलते आगरा ही नहीं प्रदेश और देश के विकास में भी चैंबर का योगदान है। उम्मीद है कि भविष्य में चैंबर ऐसे ही विकास का साथी बना रहेगा। विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन प्रदीप भाटी ने कहा कि संकट के वक्त चैंबर के व्यापारी लोगों के साथ खड़े रहते हैं।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने भी चैंबर के योगदान की सराहना की। इससे पहले चैंबर पर आधारित डॉक्युमेंट्री फिल्म में 75 साल का सफर दिखाया। संचालन भुवेश अग्रवाल और आभार योेगेश जिंदल ने किया। अध्यक्ष अतुल गुप्ता ने सभी का आभार जताया। उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, अंबा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, महेंद्र सिंघल, श्रीकिशन गोयल, राजेश अग्रवाल, शलभ शर्मा, अमित जैन आदि मौजूद रहे।
इनका हुआ सम्मान
कार्यक्रम में उद्यमी रामशरण मित्तल, किशोर नारायण खन्ना, डॉ. पार्थ बघेल, रंजीत सामा, राजेंद्र गुप्ता, दिलीप कुमार गुप्ता, विपिन गुप्ता समेत व्यापारिक संगठनों के अध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया।
मनीष अग्रवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
चैंबर के दो बार अध्यक्ष रहे मनीष अग्रवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। ये 2013-14 और 2021-22 में अध्यक्ष रहे। लंबे समय से समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। पेशे से खाद व सीमेंट उद्यमी मनीष अग्रवाल जिले की शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी समेत अन्य समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करते रहते हैं।
चैंबर से 5000 व्यापारी जुड़े
चैंबर की स्थापना 1949 में कृष्णचंद्र भार्गव ने की। अब संस्था में 1600 से अधिक सक्रिय सदस्य हैं। इससे 20 व्यापारिक संगठन जुड़े हुए हैं। प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से 5000 व्यापारी संगठन से जुड़ा है। इनके सदस्यों का देश-विदेश तक व्यापार फैला हुआ है।