कासगंज। निर्माणाधीन गोशाला की गुणवत्ता में खराबी पर जिलाधिकारी सख्त हुए हैं। डीएम ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को तलब कर विस्तृत जानकारी ली है। निर्माणाधीन कार्यस्थल पर पशु चिकित्सा विभाग और कार्यदायी संस्था के अफसरों की टीम भेजी है।
1.20 करोड़ रुपये की लागत से पटियाली क्षेत्र के नवादा में गोशाला का निर्माण चल रहा है। गोशाला के निर्माण जिम्मा कार्यदायी संस्था पैकफेड को दिया गया है। सीवीओ ने कार्य पूर्ण होने से पहले ही संस्तुति कर दो किश्त के रूप में पूरी धनराशि का भुगतान करा दिया। सीडीओ डा. दिनेश कुमार ने पिछले दिनों निरीक्षण में पाया कि गोशाला का निर्माण गुणवत्ताहीन है। सीडीओ की रिपोर्ट पर डीएम ने पशु चिकित्साधिकारी और कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी कर दिया। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. आरएस खोखर को तलब कर लिया। सीवीओ ने विस्तृत जानकारी डीएम को दी। डीएम ने कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता और सीवीओ को निर्माण स्थल पर भेजा। निर्देश दिए कि बनाया गया भवन तोड़कर नए सिरे से निर्माण करें। टीम नवादा स्थित गोशाला पर पहुंची। जिलाधिकारी ने पूरी रिपोर्ट सीडीओ को सौंपने के निर्देश दिए हैं।
सीवीओ और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को जिलाधिकारी ने मौके पर भेजा है। निर्माणाधीन गोशाला तोड़ने के बाद नए सिरे से भवन का निर्माण कराया जाएगा। डा. दिनेश कुमार, सीडीओ।