टाउनशिप (मथुरा)। थाना रिफाइनरी क्षेत्र में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर गड्ढे में गिर गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर मां-बेटे की मौत हो गई।
मां अपने बेटे के साथ ट्रैक्टर से मायके जा रही थी। सूचना पर पहुंची रिफाइनरी पुलिस ने दोनों के शव निकलवाए। परिवार वाले बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव अपने साथ ले गए। थाना बलदेव के गांव हथकौली निवासी प्रेमवती (72) पत्नी पोहप सिंह अपने बेटे सत्यवीर सिंह (38) पुत्र पोहप सिंह के साथ मायके जा रही थी। ट्रैक्टर को बेटा सत्यवीर सिंह चला रहा था। थाना रिफाइनरी क्षेत्र के रिलायंस पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही अनियंत्रित होकर गड्ढे में जाकर पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर मां और बेटे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची रिफाइनरी पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर सीधा कराकर दोनों शव कब्जे में लिए। खबर परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शवों को ले गए। प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह ने बताया कि मां और बेटे की मौत हुई है। कार्रवाई से इंकार करने पर शव सौंप दिए गए हैं।