प्रशासन ने ढहा मकान, सदमे में आए रिटायर्ड फौजी की मौत
- फोटो : अमर उजाला
एटा। मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए अधिग्रहीत हुई जमीन पर बने मकान को गिराने से सदमे में आए रिटायर्ड फौजी की मौत हो गई। परिजन मृतक का शव लेकर उसी जमीन पर पहुंचे और बाद में शव लेकर चले गए।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव नगला पुढियार में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए जमीन मुक्त कराई गई थी। उसी समय नगला पुढ़िहार निवासी रिटायर्ड फौजी प्रेमपाल (55) पुत्र विजय सिंह का प्रशासनिक टीम ने मकान हटवाते हुए जमीन को कब्जा मुक्त कराया था। परिजनों ने बताया कि मकान ढहा दिए जाने के समय से ही फौजी का मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। इसके बाद वह गांव छोड़कर अपनी रिश्तेदारी में आसेपुर चला गए थे। इसके बाद सोमवार शाम को वह रिश्तेदारी से लौटे थे। परिजनों ने बताया कि मकान की जमीन खाली देखने के बाद रिटायर्ड फौजी की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, उसी समय प्रेमपाल ने दम तोड़ दिया। इसे देख परिजनों में चीत्कार मच गया। जिसे सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं घटना की जानकारी पाकर पूर्व मारहरा विधायक अमित गौरव टीटू, राजपाल यादव सहित अन्य राजनीतिक लोग गांव पहुंच गए थे।