जैथरा। मरीज को लेकर फर्रुखाबाद ले जा रही एंबुलेंस में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस सवार मरीज की मौत हो गई। वहीं चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने सरकारी एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालक को पुलिस ने वाहन सहित पीछा करते हुए पकड़ लिया।
फर्रुखाबाद थाना कायमगंज के मीरपुर निवासी दामोदर (40) पुत्र गिरीश विगत दिनों सड़क हादसे में घायल हो गया था। परिजन दामोदर का इलाज कराने के बाद आगरा से एंबुलेंस में घर ले जा रहे थे। थाना जैथरा क्षेत्र के सर्रा के समीप एंबुलेंस में ट्रक ने टक्कर मार दी।
हादसे में दामोदर की मौत हो गई। वहीं चालक सुनील पुत्र अहवरन सिंह निवासी हथियापुर थाना शमसाबाद, दामोदर के पिता गिरीश, पत्नी प्रियंका, रणजीत पुत्र जसवीर निवासी अथरा मेरापुर फर्रुखाबाद, अंबेश पुत्र रामसरन निवासी नवाबगंज फर्रुखाबाद घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सरकारी एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
सड़क हादसे में छह लोग घायल
एटा। अलग-अलग जगह पर हुई मार्ग दुघर्टनाओं में प्रदीप पुत्र रघुवीर निवासी रजकोट शिकोहाबाद रोड पर ट्रैक्टर मैक्स की टक्कर में, गोलई पुत्र सूरजपाल, बंटू पुत्र रामफल निवासी नगला मंगली रिजोर गुमानपुर के पास बाइक की टक्कर से और मनोरमा पुत्री यादराम, रेखा पुत्री प्रभूदयाल और भारत पुत्र यादराम निवासी ओनघाट गंजडुंडवारा रोड पर बाइक भिड़ंत में घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।