मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में मिनी ट्रक की टक्कर से सेल्समैन की मौत हो गई। थाना हाईवे क्षेत्र में एटीवी कट के निकट बुद्ध बिहार कालोनी निवासी 29 वर्षीय मनीष बैनीवाल मारुति डीलर उमा मोटर्स पर सेल्समैन था। सोमवार शाम छह बजे मनीष उमा मोटर्स के सामने सड़क पार कर रहा था।
इसी दौरान दिल्ली की ओर से तेज गति से आ रहे मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। मनीष को उमा मोटर्स कर्मियों ने नयति अस्पताल में भर्ती कराया। नयति में मनीष की उपचार के दौरान मौत हो गई। हाईवे पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
हाईवे पर सड़क दुर्घटना में हुई युवक मनीष की मौत के बाद परिवारीजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मनीष की शादी आठ साल पहले अलीगढ़ खैर के गांव बझेरा निवासी शिखा से हुई थी। सोमवार दोपहर तक सब कुछ ठीक था, लेकिन सायं सात बजे परिवार पर पहाड़ टूट पड़ा।
पत्नी शिखा का रो रो कर बुरा हाल है, वहीं बेटी पांच साल की अंशिका व तीन साल के बेटे रुद्र प्रताप बिलख बिलख कर पापा मनीष को याद कर रहे हैं। मनीष के साथी रेनॉल्ट कुंतल ने बताया कि मनीष बहुत ही मिलनसार व भावुक किस्म का व्यक्ति था।