मथुरा। जूनियर कॉमनवेल्थ जूडो चैंपियनशिप में मथुरा के सोहन सिंह ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया। शनिवार को मथुरा लौटने पर जिला क्रीड़ाधिकारी एसपी बमनिया के नेतृत्व में गोवर्धन चौराहे पर फूलमाला पहनाकर सोहन का जोरदार स्वागत किया गया।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 6 से 10 नवंबर तक आयोजित इस चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल भी भारत के ही खिलाड़ी अनिकेत (हरियाणा) के नाम रहा। 50 किलो भार वर्ग में रजत पदक विजेता गांव महोली निवासी सोहन सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम गणेशरा में तैनात जूडो प्रशिक्षक लखन सिंह की देखरेख में अभ्यास कर रहे हैं।
वह लगातार तीन वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतते आ रहे हैं। शनिवार को मथुरा आगमन पर ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच सोहन सिंह का माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच व परिजनों को दिया।