कासगंज। माध्यमिक शिक्षा परिषद के माध्यम से संचालित विद्यालयों की लापरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही। बोर्ड परीक्षार्थियों की नामावली जमा न करने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने 147 विद्यालयों को नोटिस जारी किए हैं।
जनपद में 232 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों से हाईस्कूल में 21992 परीक्षार्थियों ने अपने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। मात्र 78 विद्यालयों ने ही अपनी नामावली जमा की है। जबकि 147 विद्यालयों से 16232 से इंटर के परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने हैं। 50 विद्यालयों ने इंटर की नामावली जमा की है। परीक्षार्थियों के वैसे तो आवेदन ऑनलाइन किए गए, लेकिन विद्यालयों को ऑनलाइन जमा होने वाले आवेदन फार्म की नामावली के साथ ही चालान फार्म, बाहरी बोर्ड के परीक्षाथियों के प्रवेश लेने पर उच्चाधिकारियों की अनुमति, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, सहित अन्य आवश्यक प्रपत्र आदि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को जमा करने हैं। ताकि इन प्रपत्रों को बोर्ड को भेजा जा सके। बोर्ड को नामावली का मिलान ऑनलाइन आवेदन से करना है। इसके बाद बोर्ड आगे की कार्रवाई करेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों को 28 सितंबर तक नामावली जमा करने के निर्देश दिए, लेकिन विद्यालयों ने इस आदेश को ठेंगा दिखा दिया। इसके बाद विद्यालयों को फिर से नामावली जमा करने का मौका दिया गया। इसके बाद भी विद्यालयों ने नामावली जमा नहीं की। जिला विद्यालय निरीक्षक आरएसएस राजपूत ने बताया कि नामावली जमा न करने वाले विद्यालयों को नोटिस जारी किए गए हैं।