मथुरा। राधाष्टमी पर मथुरा के नए बस अड्डे और कोसीकलां बस अड्डे से 40 रोडवेज की बसें बरसाना के लिए दौड़ेंगी। 16 सितंबर को यह बसें बरसाना के लिए तैयार रहेंगी। इसके लिए रोडवेज ने पूरी तैयारी कर ली है।
17 सितंबर को बरसाना में राधाष्टमी मनाई जाएगी। राधाष्टमी पर देश और विदेश से भी भक्तों का आगमन होगा। राधा जू के भक्तों को बरसाना तक पहुंचाने के लिए रोडवेज ने बसों के पर्याप्त इंतजाम कर लिए हैं। यह बसें मथुरा के अंतर्राज्यीय नए बस अड्डे और कोसीकलां बस अड्डे से 16 सितंबर से 18 सितंबर तक बरसाना के लिए चलाई जाएंगी।
बसों के संचालन के लिए मथुरा डिपो के एआरएम अक्षय कुमार ने कोसीकलां और नए बस अड्डे पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी है। मथुरा डिपो के एसएस संतोष अग्रवाल ने बताया कि मथुरा के नए बस अड्डे से 30 बसें और कोसीकलां बस अड्डे से 10 बसें बरसाना के लिए चलाई जाएंगी। नए बस अड्डे से चलने वाली बसें गोवर्धन होकर गुजरेंगी, वहीं कोसीकलां से चलने वाली बसें सीधे बरसाना पहुंचेंगी।