मैनपुरी-किशनी। लूट की घटना के बाद जब प्रधान के साथ पीड़ित और ग्रामीण रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे तो पुलिस ने कह दिया कि इंस्पेक्टर के आने बाद ही कुछ हो सकेगा। दरोगा के जवाब से लोग आक्रोशित हो गए और थाने में ही प्रदर्शन कर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पीड़ित अब थाना पुलिस इस कारगुजारी की शिकायत मुख्यमंत्री से करेगा।
थाना क्षत्र के गांव पहाड़पुर के पास मंगलवार को गांव खुरतनियां निवासी प्रमोद कुमार पुत्री कोमल और भतीजी अंजली के साथ कही जा रहे थे। तभी रास्ते में बदमाशों ने तमंचा के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित के तहरीर देने के दो दिन बीतने के बाद भी अभी तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। गुरुवार को पीड़ित प्रधान और ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचा। उसने बताया कि लूट की वारदात के बाद वह कुर्रा थाने शिकायत करने गया, मगर वहां पुलिस ने कह दिया कि उनका क्षेत्र नहीं है।
किशनी थाने में तहरीर दी, मगर पुलिस घटना को दबाए रही। अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। वहीं, थाने में तैनात एक दरोगा का कहना था कि इंस्पेक्टर साहब का आदेश नहीं होगा तब तक कुछ नहीं होगा। दरोगा गैर जिम्मेदाराना जवाब से पीड़ित व साथ आए लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने थाने में प्रदर्शन कर पुलिस की कार्यशैली का विरोध करते हुए नारेबाजी की। पीड़ित का कहना है कि वह अब मुख्यमंत्री से शिकायत करेगा।
किशनी। ग्राम प्रधान पलिया श्यामकरन शाक्य जब पीड़ित के साथ दोबारा रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने गए। आरोप है कि वहां इंस्पेक्टर ने दूसरी तहरीर देने की बात कही। उन्होंने बताया कि कुर्रा और किशनी पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने की पंक्तियों को काट दो। प्रधान का कहना है कि उसने साफ कर दिया कि रिपोर्ट दर्ज करो या नहीं, लेकिन तहरीर किसी भी कीमत पर बदली नहीं जाएगी।