मथुरा। रिफाइनरी की भूमिगत तेल पाइप लाइन में सुरंग बनाकर तेल चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे सुजीत प्रधान ने पुलिस दबाव के चलते एसीजेएम चतुर्थ की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं एक आरोपी को रिफाइनरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
हाईवे थाना क्षेत्र स्थित कालोनी में फरवरी 2017 में रिफाइनरी की भूमिगत तेल पाइप लाइन में सुरंग बनाकर तेल चोरी के मामले में फरार चल रहे ग्राम पालीखेड़ा निवासी सुजीत प्रधान ने पुलिस दबाव के चलते सोमवार को एसीजेएम चतुर्थ की अदालत में सरेंडर कर दिया।
वहीं इस मामले में फरार चल रहे विनोद उर्फ देवेंद्र को रविवार की रात को हाईवे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। विदित हो कि मनोज गोयल और उसके साथियों ने रिफाइनरी की भूमिगत तेल पाइप लाइन में सुरंग बना कर वाल्ब फिट कर तेल चोरी किया था। पुलिस ने मनोज गोयल सहित तेल के खेल में शामिल छह से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया था।
इस मामले की विवेचना फिलहाल क्राइम ब्रांच कर रही है। हाईवे थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि सुजीत प्रधान ने सोमवार को न्यायालय में समर्पण कर दिया और विनोद उर्फ देवेंद्र को गिरफ्तार किया गया है।