मथुरा। मुड़िया मेले के दौरान यात्रियों का सामान चोरी करने आईं तीन महिलाएं जीआरपी के हाथ लग गई। उनके कब्जे से महिला यात्री के गले से तोड़ा गया मंगलसूत्र और चोरी की गई नकदी बरामद हुई। वहीं, कैंट जीआरपी ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या सात पर शनिवार की शाम कासगंज की ट्रेन में सवार हो रही नीरू नाम की महिला के गले से किसी ने मंगलसूत्र तोड़ लिया। महिला यात्री ने शोर मचाया तो प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रही महिला सिपाही साधना, सावित्री व सुमित्रा ने घेरा बंदी कर तीनों महिलाओं को पकड़ लिया।
पकड़ी गई महिलाओं ने अपने नाम जीविका निवासी झोपड़पट्टी बोदला आगरा, अप्सरा व पूजा निवासी लालकिले के सामने झोपड़पट्टी रकाबगंज आगरा बताए। उनके कब्जे से नीरू के गले से तोड़ा गया मंगलसूत्र व एक हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक गौरव सक्सेना ने बताया कि पकड़ी गई महिलाओं ने चोरी की कई वारदातें कबूल की है।
वहीं जीआरपी की कैंट चौकी प्रभारी अनुराग ने प्लेटफार्म संख्या एक से लक्ष्मण महरा निवासी गाम रमना मधुबनी बिहार को पकड़ लिया। उसके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन और एक चाकू बरामद हुआ।