फिरोजाबाद। डीजल की लगातार बढ़ती जा रही कीमतों के विरोध में ट्रांसपोर्टर आगामी 20 जुलाई से आंदोलन की राह पकड़ेंगे। ट्रांसपोटर ने चक्का जाम करने का एलान है। इससे आमजन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
फिरोजाबाद ट्रांसपोर्ट मोटर यूनियन की बैठक आगरा रोड स्थित कलकत्ता मालवा रोड लाइंस पर राकेश तिवारी की अध्यक्षता में हुई। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट की कार्यकारिणी समिति सदस्य वीरेंद्र गुप्ता, आगरा मोटर ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति के संयोजक गोपाल बाबू ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार वृद्धि की जा रही है। इससे ट्रांसपोर्टर्स को परेशानी हो रही है। केंद्र सरकार के खिलाफ 20 जुलाई से देशव्यापी हड़ताल होने जा रही है। सुबह छह बजे पूरे देश में ट्रकों का चक्का जाम हो जाएगा। सुशील यादव ने कहा कि महंगाई कम करने के लिए सरकार को डीजल की कीमतें कम करनी चाहिए।
महामंत्री किशन यादव एडवोकेट ने ट्रांसपोर्टर को ई-वे बिल और भाड़े पर टीडीएस की व्यवस्था खत्म करने की मांग की। सचिव दीपक शर्मा ने कहा हम सरकार को रोड टैक्स और डीजल पर आठ फीसद सेस टैक्स एडवांस में देते हैं तो टोल टैक्स क्यों वसूला जा रहा है। टोल टैक्स खत्म किया जाए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष सौरभ तिवारी ने बीमा राशि में बढ़ोत्तरी पर अंकुश लगाने की मांग की। राजनरायण गुप्ता मुन्ना, अजय अग्रवाल, गणेश तिवारी, अजय ठाकुर, हरीबाबू, अजय कौशिक, टिंकल सरदार, कमलदीप सिंह मौजूद रहे।