मैनपुरी। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने कलक्ट्रेट स्थित तिकोनिया पार्क पर बैठक कर बिजली विभाग के कर्मचारियों के प्रति आक्रोश प्रकट किया। इस दौरान अधीक्षण अभियंता को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। अधीक्षण अभियंता को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि किसानों पर दबाव बनाकर निजी नलकूपों का भार न बढ़ाया जाए। नलकूपों पर स्वीकृत भार से अधिक का बिल न लिया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू कनेक्शन एक किलो वाट ही रखे जाएं।
किसानों को निजी नलकूपों के बिल का विवरण समझाकर बिल की राशि से संतुष्ट किया जाए। किसानों का डीआर के नाम से शोषण न किया जाए। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के जर्जर तारों को बदला जाए। किसानों पर एक लाख तक के बकाया पर आरसी न काटी जाए। किसान नेताओं ने अधीक्षण अभियंता को दिए ज्ञापन में चेतावनी भी दी है कि यदि किसानों का शोषण किया गया तो किसान जनपद की सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष तिलक सिंह राजपूत, उदयवीर यादव, अनुज यादव, राधेश्याम शाक्य, चरन सिंह, महेश चंद्र, हुर्मित सिंह, रामनरेश पाल, हरी सिंह, घनश्याम, राजेश कुमार, अहिवरन सिंह, सुशीला देवी, सुनीता देवी, उर्मिला देवी, सपना, सवित्री देवी, शांती देवी आदि मौजूद रहे।