फिरोजाबाद। गुरुवार सुबह सुभाष तिराहे का नजारा पूरी तरह बदला नजर आया। अब तक बड़े-बड़े होर्डिंग से पटा रहने वाला सुभाष तिराहा सुबह बिल्कुल साफ दिखा। रात में अफसरों ने अभियान चलाकर गैस कटर से सभी होर्डिंग के गाटर कटवा दिए। सुबह डीएम ने सुभाष तिराहे का निरीक्षण कर सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए।
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिए हैं कि हाईवे किनारे एवं चौराहों पर होर्डिंग, बैनर या अन्य कोई प्रचार सामग्री न लगाई जाए, जिससे किसी तरह का हादसा हो। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराने के लिए डीएम ने कई बार नगर निगम प्रशासन को लिखित व मौखिक आदेश दिए लेकिन नगर निगम ने मामले को लेकर गंभीरता से नहीं लिया। डीएम नेहा शर्मा ने बुधवार को एसडीएम सदर संगमलाल यादव को हाईवे से सभी होर्डिंग हटवाने के निर्देश दिए। डीएम के आदेश पर एसडीएम रात नौ बजे अपनी टीम के साथ सुभाष तिराहा पर पहुंच गए। नगर निगम से टीम बुलाकर होर्डिंग हटवाने का कार्य शुरू कराया।
करीब दो घंटे तक चले अभियान के दौरान एडीएम उदय सिंह, एसपी सिटी राजेश कुमार, एसडीएम सदर डेरा जमाए रहे। हाईवे से सभी होर्डिंग हटवाने के बाद भी अफसर रवाना हुए। डीएम नेहा शर्मा ने गुरुवार को सुबह नौ बजे सुभाष तिराहे का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम के सहयोग से यातायात को व्यवस्थित करने के साथ सुभाष तिराहे का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए।