मथुरा। अब शहर के चार कालेजों में लड़के और लड़कियां साथ-साथ पढ़ेेंगे। सरकार के नए आदेश के बाद केआर इंटर कालेज, चंपा अग्रवाल इंटर कालेज में छात्राओं के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभी तक 25 छात्राओं ने प्रवेश ले लिया है।
नए सत्र में सरकार को-एजूकेशन को बढ़ावा देने जा रही है। इसके चलते एक तरफ छात्राओं की कम संख्या से जूझ रहे विद्यालयों को राहत मिलेगी, वहीं छात्राओं को नजदीकी विद्यालय में प्रवेश और शिक्षा ग्रहण करने का अवसर मिल सकेगा।
इसके लिए शहर के चंपा अग्रवाल इंटर कालेज और केआर इंटर कालेज में छात्राओं का प्रवेश शुरू हो गया है। केआर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डा. भगत सिंह ने बताया हमारे यहां छात्राओं के प्रवेश के लिए फार्म वितरित किए जा रहे हैं। नए सत्र में छात्र-छात्राएं साथ-साथ पढ़ाई करेंगे।
शहर में कुछ कालेजों ने को-एजूकेशन के लिए अनुमति मांगी थी। इस पर चार विद्यालयों को अनुमति प्रदान की गई है। नए सत्र में सरकार की मंशा के अनुरूप छात्र-छात्राएं साथ-साथ पढ़ेंगे।
- डा. अरुण कुमार दुबे, जिला विद्यालय निरीक्षक मथुरा