ग्राम पंचायतों के विकास में आड़े आने वाली बजट की कमी को दूर करने के लिए सरकार ने नया फार्मूला निकाला है। आपरेशन ‘कायाकल्प’ के जरिए अब गांवों का विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने जिला लखीमपुर खीरी और श्रावस्ती के अभियान की सराहना करते हुए प्रदेश भर में अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बेसिक शिक्षा, कृषि, ग्राम्य विकास और पंचायती राज विभाग के मंत्री को पत्र लिखकर आपरेशन कायाकल्प को जोर देने के लिए कहा है। इस संबंध में उन्होंने 15 अप्रैल से हर जिले से अभियान की कार्यशाला आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, गांवों में मौजूद सार्वजनिक भवन जैसे प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी, एएनएम सेंटर, पंचायत घर की स्थिति दयनीय रहती है। अनुरक्षण मद में धन होने के बाद भी भवनों का अनुरक्षण नहीं हो पाता। साथ ही मनरेगा और राज्य वित्त की कन्वर्जेन्स राशि से गांव में खड़ंजा, इंटरलॉक और सीसी का निर्माण नहीं होता। वहीं प्राथमिक विद्यालयों में लेवल वाइज लर्निंग की व्यवस्था ठप पड़ी है। इसे लेकर सरकार आपरेशन कायाकल्प अभियान चलाने जा रही है। सीएम योगी ने विभिन्न विभागों के मंत्रियों को पत्र लिखकर आपरेशन कायाकल्प को मूर्त रूप देने के लिए कहा है। उन्होंने पत्र में जिक्र किया है कि 15 फरवरी को लखीमपुर खीरी और श्रावस्ती जिले में चले आपरेशन कायाकल्प के बेहतर परिणाम सामने आए हैं। इसके लिए उन्होंने हर जिले को श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी मॉडल के तहत विकास कराने के लिए कहा है।
उन्होंने पत्र में लिखा है कि इच्छा शक्ति, सह कार्मिकों की क्षमता पर विश्वास, नागरिकों की सहभागिता और जनप्रतिनिधियों के विश्वास के साथ हर अभियान सफल हो सकता है। उन्होंने मंत्रियों को 15 अप्रैल तक कार्यशाला आयोजित कराने के साथ एक माह में अभियान को शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
विभागों का समन्वय होगा अहम
आपरेशन कायाकल्प में बेसिक शिक्षा, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, मनरेगा, कृषि विभाग का समन्वय अहम होगा। इन विभागों के समन्वय से गांव में विकास कार्य होंगे।
ये होंगे काम
खड़ंजा का निर्माण, पंचायत घरों में पुस्तकालय निर्माण, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर टाइल्स, प्राकृतिक नदी, छोटी नदी पोखर का जीर्णोद्धार, लेवल वाइज लर्निंग की व्यवस्था।
इन कार्यों पर ऐसे खर्च होगी राशि
गांव के सार्वजनिक भवनों स्कूल, पंचायत घर, आंगनबाड़ी केंद्र में अनुरक्षण (रंगाई-पुताई, मरम्मत, टाइल्स) और पुस्तकालय, सेवा केंद्र, ज्ञान केंद्र की स्थापना का काम पंचायती राज विभाग कराएगा और राशि ग्राम निधि खाते से खर्च होगी।
- खंडजा निर्माण का काम पंचायती राज के समन्वय से ग्राम्य विकास विभाग कराएगा। इसका खर्च मनरेगा और राज्य वित्त के कन्वर्जेन्स से होगा।
- प्राकृतिक नदियों, पोखरों का जीर्णोद्धार ग्राम्य विकास और कृषि विभाग द्वारा मनरेगा और भूमि संरक्षण इकाई के बजट के कन्वर्जेंस से।
- प्राथमिक विद्यालय में लेवल वाइज लर्निंग का काम बेसिक शिक्षा विभाग कराएगा।
ऐसे होगा काम
- 15 अप्रैल तक जिलाधिकारियों की कार्यशाला।
- 30 अप्रैल तक विभागों द्वारा शासनादेश जारी करना।
- 15 मई तक विकास कार्यों को ग्राम पंचायत विकास योजना मेें शामिल कराकर गांव में खुली बैठक में अनुमोदन
- 16 मई से अभियान की शुरुआत