मथुरा। फिलहाल नगर निगम के पास मथुरा के विकास का कोई प्लान नहीं है। अगर प्रस्ताव होते तो उन्हें निगम बोर्ड की बैठक में जरूर रखा जाता। दो दिन बाद बोर्ड की मीटिंग होने जा रही है लेकिन इस मीटिंग में भी केवल बजट को ही मंजूरी दिलाई जानी है।
जनवरी माह में हुई निगम की पहली बोर्ड बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को रखा गया था। यह बैठक इस मायने में भी महत्वपूर्ण थी कि इसमें कैबिनेट को भी तैयार किया गया । परंतु 12 अप्रैल को होने वाली बोर्ड बैठक में निगम द्वारा सिर्फ कैबिनेट में पास किए गए बजट पर ही बोर्ड से अनुमति ली जाएगी। इस संबंध में महापौर ने पार्षदों को एजेंडा भेज दिया है।
एजेंडा में सिर्फ बजट का ही प्रस्ताव रखा है। विकास का कोई प्रस्ताव है ही नहीं। न कहीं सड़कों के निर्माण का जिक्र है और न ही पानी की निकासी के इंतजाम का। नगर निगम के पास कई ऐसे प्रस्ताव भी हैं जिन पर बोर्ड की सहमति आवश्यक है परंतु बोर्ड द्वारा इन प्रस्तावों को भी एजेंडे मेें शामिल नहीं किया है।
नगर निगम को पार्षदों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाने की सूची भी निगम को दी गई है। जिस पर निगम ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर आयुक्त उज्ज्वल कुमार ने बताया कि बोर्ड बैठक में सिर्फ बजट को ही रखा जाएगा।