पिछड़ा वर्ग कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को विकासखंड परिसर में आयोजित समारोह के दौरान 100 दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल, 58 को बैसाखी, 7 को व्हील चेयर और दो को श्रवण यंत्र दिए। उन्होंने जिले में कुष्ठ रोगियों के लिए एक आश्रम बनवाने की भी घोषणा की।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि दिव्यांगों की पेंशन अब बढ़ाकर 1 हजार रुपये कराने का प्रस्ताव है। साथ ही बैट्री युक्त ट्राईसाइकिल दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही दिव्यांगों को 4 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिलाया जाएगा। 15 जून तक इसका क्रियान्वयन करा दिया जाएगा। कुष्ठ रोगियों के लिए जिले में शीघ्र एक आश्रम भी बनवाया जाएगा। पेंशन आवेदन करने की ऑनलाइन व्यवस्था करा दी है।
समारोह में सदर विधायक देवेंद्र राजपूत, विधायक अमांपुर देवेंद्र प्रताप सिंह, डीएम आरपी सिंह, सीडीओ श्रीनिवास मिश्र, डीडीओ एसएन श्रीवास्तव, पीडी डीआरडीए रमेश चंद्र, डिप्टी डायरेक्टर सत्येंद्र द्विवदी, जिला विकलांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ज्ञान देवी, ब्लॉक प्रमुख अविनाश सिंह, बीडीओ सुनील सिंह मौजूद रहे।