कासगंज/गंजडुंडवारा।
सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की मार झेल चुके कासगंज और गंजडुंडवारा में होली के रंगों के साथ सांप्रदायिक सौहार्द के रंग भी देखने को मिले। गुझिया की मिठास में सौहार्द की मिठास शामिल हो गई जिससे गुझिया की मिठास और बढ़ गई।
नगर में जहां बड्डू नगर इलाके में तिरंगा यात्रा को लेकर विवाद पनपा था। उस इलाके में पहले से ही सौहार्द का माहौल नजर आया। होली के एक दिन पहले ही इस इलाके में होली मिलन कार्यक्रम में सौहार्द नजर आया। होली के दिन भी हरिशंकर और गुलजार जैसे तमाम लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाया। जमकर होली खेली और गले मिलकर शुभकामनाएं दीं।
बड्डू नगर के ही डा. फारूख ने नगर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों से घर घर मुलाकात करके होली की शुभकामनाएं दीं। गंजडुंडवारा में भी सौहार्द प्रभावित होने वाले इलाके के लोगों ने होली मिलन कार्यक्रम में साथ साथ मिलकर होली खेली और गले मिलकर शुभकामनाएं दी। समाजसेवी दादा रविंद्र ने होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया। दोनों समुदाय के लोग शामिल हुए और एक साथ होली के पकवानों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में व्यापारी नेता फारूख कुरैशी, स्वालेह अंसारी, नदीम फारूख, आफाक कुरैशी, मुफ्ती इशराफील कासमी, मौलाना अजमल, शाहिद पोपूलर, अनिल वर्मा, असीम, सुरेश चंद्र दीक्षित, कुमार वैभव, दयादीन शाक्य, राज महेश पाठकर, अंकुर गुप्ता सहित तमाम लोग मौजूद रहे। वहीं गंजडुंडवारा के नगरपालिका अध्यक्ष संजीव महाजन एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष मुनव्वर हुसैन गले मिलकर एक दूसरे को होली की शुभमकामनाएं देते नजर आए। गंजडुंडवारा के होली के जूलूस में सद्भाव के कई उदाहरण देखने को मिले।