एटा। उनके सुरों से जब शाम सजी तो हर कोई दीवाना हो गया। मौका था सैनिक पड़ाव में चल रहे एटा महोत्सव में गुरुवार रात को हुई पंजाबी नाइट का। कार्यक्रम में प्रसिद्ध पंजाबी गायक ने अपने सुरों का जादू बिखेरा।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसएसपी अखिलेश चौरसिया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर ने किया। इस दौरान सर्द हवाओं के बीच जब हार्डी संधु ने अपनी आवाज में बैकबोन, नाह, यार नहीं मिलेया सुनाया तो पूरा पंडाल जोश से भर गया। इसके बाद उन्होंने शामे मलंग सीं, रातें सुरंग सी और अच्छा चलता हूं, दुआओं में याद रखना गाना गया तो हर कोई उनके सुरों में खो गया। इस दौरान युवाओं में खासा जोश देखने को मिला।हार्डी की आवाज का जादू और थिरकते दर्शकों की महफिल देर रात तक जमी रही।
वहीं, हार्डी संधू की गानों की प्रस्तुति से पहले गायिका ने अपनी गायकी से सबका दिल जीता। इस दौरान एसडीएम बृजेश कुमार सिंह, अमित, अभिषेक, विवेक, राजेश, हर्ष, मानवी, अनीता, सिमरन समेत तमाम दर्शक मौजूद रहे।
फोटो की लगी रही होड़
कार्यक्रम के दौरान युवा हार्डी संधु की फोटो और वीडियो बनाने को लालायित नजर आए। इस दौरान पंडाल में मोबाइल कैमरे चमकते रहे। पुलिस ने कई बार युवाओं को समझाकर शांत कराया।