फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। अंतरराज्यीय लारेंस विश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य रवींद्र उर्फ काली की गिरफ्तारी के बाद थाना शिकोहाबाद पुलिस ने 15 हजार के इनामी आकाश यादव को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन विदेशी पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के दौरान एक दारोगा भी घायल हो गया।
एसएसपी डा.मनोज कुमार ने बताया कि 18 जनवरी को शिकोहाबाद के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैरिज होम से पंजाब सरकार के एक लाख के इनामी शातिर रवींद्र उर्फ काली राजपूत को गिरफ्तार किया था। उसके तीन साथी हथियारों को लेकर फरार हो गए थे। काली गोली लगने से घायल हो गया था। वह तभी से जेल में बंद है। सोमवार को एसएचओ शिकोहाबाद अनिल कुमार, एसएसआई रूपेश कुमार वर्मा, उप निरीक्षक अशोक कुमार, मुकेश कुमार, लक्ष्मण सिंह, जावेद खां, पवनेंद्र सिंह और क्राइमब्रांच के मुकेश कुमार को सूचना मिली कि काली का साथी आकाश यादव फैक्ट्री एरिया स्थित जयशिव मैरिज होम के पास है।
पुलिस ने घेराबंदी की तो उसने टीम पर फायरिंग कर दी। उप निरीक्षक मुकेश कुमार गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी करके आकाश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो पिस्टल 32 बोर इटली मेड और एक पिस्टल नाइन एमएम इटली मेड, दो भरी मैगजीन और 47 कारतूस बरामद किए गए। एसएसपी ने बताया कि आकाश पुत्र अनिल यादव मुहम्मदमाह धोबी वाली पुलिया शिकोहाबाद का मूल निवासी है। आकाश और बंटी यादव ने रवींद्र उर्फ काली राजपूत को शरण दी थी। बंटी यादव को शीघ्र ही गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।
एसएसपी डा.मनोज कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार के एक लाख के इनामी रवींद्र उर्फ काली राजपूत को शीघ्र पंजाब जेल में शिफ्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा काली के खिलाफ अधिकांश मामले पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान में दर्ज हैं। स्थानीय पुलिस को उसको वहां के कोर्ट में पेशी के दौरान काफी स्टाफ चाहिए। उत्तर प्रदेश में काली के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है। मेरठ क्षेत्र में एक दो बार आने की खबर है लेकिन वहां कोई मामला दर्ज नहीं है।
15 हजार के इनामी आकाश यादव के खिलाफ शिकोहाबाद थाने में हाल ही में तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दो मुकदमे 307 व एक 25 आर्म्स एक्ट का है। एसएसपी ने बताया कि काली सिर्फ यहां शरण लेनेे आया था। उसके गब्बर से संबंध थे। गब्बर शिकोहाबाद का निवासी है। विधायक की हत्या की साजिश जैसा कोई मामला नहीं है।