कुरावली/मैनपुरी। प्राथमिक विद्यालय मिढ़ावली कलां के निरीक्षण में प्रधानाध्यापक की गैर मौजूदगी में शिक्षण कार्य करा रहे शिक्षामित्र शुक्रवार को एसडीएम के सवालों का जवाब नहीं दे सके। छात्रों की कम उपस्थिति पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। मैनपुरी के एसडीएम ने भी स्कूलों का निरीक्षण किया तो एमडीएम बंद मिला।
एसडीएम शिवप्रसाद ने प्राथमिक विद्यालय मिढ़ावली कलां का निरीक्षण किया। प्रधानाध्यापक राकेश कुमार गैर हाजिर मिले। शिक्षामित्र शिवकुमार और मोहर सिंह शिक्षण कार्य करते मिले। एसडीएम ने कक्षा पांच के छात्रों से एक में से आधा घटाने को कहा मौखिक रूप से दो ही जवाब दे पाए।
इसी सवाल को शिक्षामित्र शिवकुमार हल नहीं कर सके। पंजीकृत 43 छात्र थे लेकिन उपस्थिति 15 की मिली। खेलकूद, पीटी नहीं कराए जाने पर नाराजगी जताई। विद्यालय प्रबंध समिति क्रियाशील नहीं मिलने पर विद्यालय प्रबंध समिति की प्रतिमाह बैठक कराने को कहा। शिक्षा स्तर खराब मिलने पर शासन को रिपोर्ट भेजने की संस्तुति की। ग्राम प्रधान अभिषेक चौहान मौजूद रहे। आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिला।
ग्रामीणों ने बताया कार्यकर्ता रजनी चौहान मैनपुरी में रहती हैं। कभी कभी आती हैं। उनके विरूद्ध कार्रवाई की संस्तुति शासन को की। राशन की दुकान बंद मिली। राशनडीलर को नोटिस दिया गया है।