इज्जतनगर रेल मंडल क्षेत्र के सांसदों के साथ पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बैठक करके रेल सेवाओं के विस्तार के संबंध में बैठक में विस्तृत बातचीत की। बैठक में फर्रुखाबाद के सांसद ने कासगंज-फर्रुखाबाद की रेल सेवाओं की विस्तार के संबंध में अहम मुद्दे उठाए। जिन्हें बैठक के एजेंडे में शामिल किया।
मंडल मुख्यालय पर मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल, मंडल रेल प्रबंधक निखिल पांडे ने बैठक आयोजित की। इसमें फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत ने कासगंज से जुड़े रेल यातायात के मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि कासगंज को सीधा अलीगढ़ रेल मार्ग से जोड़ा जाए। जिससे क्षेत्रीय जनता को कानपुर, दिल्ली के मध्य एक नया और छोटा रेलमार्ग मिल सके।
उन्होंने कहा कि बरेली-कासगंज-फर्रुखाबाद मैनपुरी-इटावा-भिंड के रास्ते ग्वालियर के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन किया जाए।
फर्रुखाबाद-कासगंज-बरेली होते हुए जम्मूतवी तक एक्सप्रेस ट्रेन संचालित की जाए। अतिरिक्त कासगंज-फर्रुखाबाद के बीच एक दैनिक इंटर सिटी का संचालन किया जाए।
गोरखपुर-बांद्रा के बीच चलने वाली अंत्योदय एक्सप्रेस का ठहराव फर्रुखाबाद स्टेशन पर किया जाए। समपार फाटकों को बंद करने से पूर्व स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी राय मशवरा किया जाए। वहीं फर्रुखाबाद के ही राज्य सभा सांसद अशोक सिद्धार्थ ने कहा कि कायमगंज रेलवे स्टेशन पर सभी गाड़ियों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे राजीव अग्रवाल ने कहा कि संरक्षा , सुरक्षा, समय पालन, यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी सर्वोच्च प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि समपारों पर दुर्घटना गंभीर विषय है। इसके लिए समय समय पर विशेष अभियान चलाकर जनमानस को जागरूक किया जाता है।
सितंबर 2018 तक सभी समपारों को संरक्षित किया जाएगा। रेलवे ने खान-पान की सुविधाएं अपने नियंत्रण में ले ली हैं। मंडल रेल प्रबंधक निखिल पांडे ने प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से मंडल के कार्यों की जानकारी दी। बैठक में कई संसद क्षेत्रों के सांसद एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।