कोहरे में लाइट जला कर निकलते वाहन।
- फोटो : Amar Ujala
कासगंज। कोहरे का कहर लगातार जारी है। यातायात व्यवस्था कोहरे के कारण प्रभावित है। ट्रेनें घंटों देरी से चल रहीं हैं। वहीं सड़क यातायात भी प्रभावित है। कोहरे और गलन भरी ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा 8 तक के स्कूलों में 15 जनवरी तक का अवकाश घोषित कर दिया है। कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों में भी छात्राओं को घर भेजा जा रहा है।
गौरतलब है कि जिले में अब तक सर्दी के कारण तीन लोगों की जानें भी जा चुकी है। कासगंज-कानपुर-मथुरा रेलमार्ग पर चलने वाली छपरा एक्सप्रेस भी 4 घंटे विलंब से चल रही है। कासगंज-मथुरा की ट्रेनें भी लेट हैं। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। न्यूनतम पारा 4.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहा।
जिलाधिकारी आरपी सिंह ने हालात देखते हुए कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में 15 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है। अवकाश के दौरान विद्यालय खोलने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता वर्मा को भी निर्देशित किया गया है। ठंड का असर कारोबार पर भी नजर आ रहा है। बाजारों में सन्नाटा पसरा है। वहीं मंडी में सब्जी की कम आवक होने के कारण सब्जी की कीमतों में भी उछाल आने लगा है। खेती पर भी सर्दी का असर दिख रहा है।