न्यौली चीनी मिल में गन्ना खरीद में अनियमितता को लेकर गन्ना उत्पादक किसान परेशान हैं। वहीं गन्ना समिति ने भी अनियमितता पर आपत्ति की है। जिलाधिकारी ने अनियमितता के मामले को गंभीरता से लेते हुए सोरों थाना पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं एसडीएम अलग से गन्ना खरीद को लेकर जांच करेंगे।
पिछले माह से चीनी मिल का पिराई सत्र शुरू हुआ है। गन्ना उत्पादक किसान अपना गन्ना चीनी मिल पर डाल रहे हैं, लेकिन गन्ना किसानों के गन्ने पर गन्ना माफियाओं की नजर है। वे किसानों के गन्ने को बीच में लेकर मिल प्रबंधन से सांठगांठ करके बिक्री कर रहे हैं। जिससे किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गन्ना सोसाइटी के सचिव दयाराम ने इन शिकायतों की जानकारी जिलाधिकारी को दी।
जिलाधिकारी ने सचिव के शिकायती पत्र पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। गन्ना खरीद के लिए किसानों की पर्ची की दी जाती है। किसानों को पर्ची भी दी गई, लेकिन किसानों की पर्ची से मिल पर गन्ना नहीं लग पा रहा। मिल प्रबंधन पर आरोप है कि वह गन्ना माफियाओं के ट्रैक्टर किसानों की लाइन तोड़कर लेते हैं। सहसवान इलाके के गन्ना माफिया भी दूसरे इलाके से गन्ना लाकर मिल में डाल रहे हैं। गन्ना समिति पर गन्ना खरीद की निगरानी का जिम्मा है। जब गन्ना सचिव दयाराम ने माफियाओं को रोकने की कोशिश की तो उनको धमकाते हुए ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। गन्ना सचिव ने पूरे मामले की लिखित जानकारी जिलाधिकारी को दी है। उन्होंने गन्ना माफियाओं से अपनी जान को खतरा भी बताया।
गन्ना खरीद में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आईं हैं। सोसाइटी के सचिव की शिकायत पर मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत के बिंदुओं की जांच एसडीएम से भी कराई जाएगी। एसडीएम और तहसीलदार मिलकर गन्ना की खरीद की निगरानी करेंगे। आरपी सिंह, जिलाधिकारी