नौहझील (मथुरा)। बिजली पर आई महंगाई से भड़के ग्रामीणों ने जेई को बंधक बनाकर बिजलीघर पर ताले डाल दिए। भाकियू से जुड़े किसानों ने कहा कि बिजली महंगी होने से किसानों को खेती करना भी मुश्किल हो जाएगा। किसानों ने जमकर नारेबाजी की।
मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार द्वारा की गई विद्युत दरों में वृद्धि को लेकर विरोध जताया। बाजना और नौहझील स्टेशन पर तालेबंदी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाकियू के जिला उपाध्यक्ष सोनू प्रधान ने कहा कि अगर जल्द ही सरकार ने बिजली की बढ़ी हुई कीमतों को वापस नहीं लिया, तो किसान यूनियन आंदोलन को बाध्य होगी। ब्लाक अध्यक्ष अनिल शर्मा ने भी विचार रखे। प्रदर्शन के दौरान पहुंचे जेई नौहझील अरविंद कुमार को किसानों ने बंधक बना लिया। जेई पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया। भाजपा नेता मनीष जिंदल ने बताया कि जेई के व्यवहार से क्षेत्रीय लोग परेशान हैं। इस दौरान तोताराम अग्रवाल, संतोष भारद्वाज, प्रवीन कटारा, अंशू नौहवार, संतोष कटारा, अजय सरपंच, गौरव शर्मा, मुंशी खान आदि उपस्थित रहे।
बिजली दरों में वृद्धि वापस लें
राया। नई बिजली दरों में वृद्धि को वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सरबन अहमद ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। कहा कि एक तो जनता पहले ही महंगाई को लेकर परेशान है वहीं दूसरी तरफ आए दिन कभी पेट्रोल, डीजल तो कभी बिजली की दरों को बढ़ा दिया जाता है। उन्होंनेे बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लेने की मांग की है।