मैनपुरी। हत्या के मुकदमे में आजीवन कारावास की सजा होने के बाद दो आरोपियों ने सरकारी वकील को कोर्ट परिसर में जान से मारने की धमकी दी है। सरकारी वकील ने इस संबंध में डीएम और एसपी से लिखित शिकायत की है।
थाना कुरावली के गुलाबपुर निवासी विनय कुमार की हत्या करने में 18 नवंबर को गांव के ही देवेंद्र सिंह, लालू, राहुल, रिंकी को एफटीसी/स्पेशल जज डकैती आनंद कुमार सिंह ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। हत्या के मुकदमे में मृतक पक्ष की ओर से पैरवी सहायक शासकीय अधिवक्ता अनूप कुमार यादव ने न्यायालय में की।
आरोप है कि सजा सुनाए जाने के बाद अदालत परिसर में ही राहुल तथा रिंकी ने सरकारी वकील को जान से मारने की धमकी दी है। सरकारी वकील को दी गई धमकी के बाद अन्य सरकारी वकीलों में असंतोष व्याप्त है। सहायक शासकीय अधिवक्ता अनूप कुमार यादव ने इस सबंध में डीएम तथा एसपी से लिखित शिकायत की है। डीएम प्रदीप कुमार ने सरकारी वकील को दी गई धमकी के मामले में पुलिस को जांच करने के निर्देश दिए हैं।
एक सरकारी वकील का नाम नहीं छापने की शर्त पर कहना है कि अपराधी आमतौर पर अदालत से सजा सुनाए जाने पर सरकारी वकील से रंजिश मानने लगते हैं। जान से मारने की धमकी भी देते हैं। ऐसे में सरकारी वकीलों को काम करने में परेशानी होती है।