बेवर। सोमवार शाम को ई-रिक्शा में बैठकर जा रही एक महिला ठगों का शिकार बन गई। गुरुद्वारे जा रही महिला को दो बाइक सवार युवकों ने रोक लिया। उससे कहा कि आगे चेकिंग हो रही है। जेवर उतार कर बैग में रख लो। महिला ने ऐसा ही किया मगर जब वह ई-रिक्शा से उतरी तो बैग से जेवर गायब थे। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
मथुरा के ज्योति नगर कालोनी निवासी बबली गुप्ता भैया दौज पर थाना क्षेत्र निवासी भाई राकेश के घर आई थी। सोमवार शाम को वह पड़ोस की नरेंद्र कौर, शिखा गुप्ता निवासी जीटी रोड बेवर के साथ ई-रिक्शा से गांव बनकिया स्थित गुरुद्वारा जा रहीं थीं। तभी रास्ते में एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने ई-रिक्शा रोक लिया।
चालक के साथ मारपीट कर दी। बबली से कहा कि आगे चेकिंग हो रही है। गहनों को उतार कर बैग में रख लो। महिला ने जब गहनों को उतार कर बैग में रख लिया। इसके बाद दोनों युवक वहां से चले गए। बबली ने जब गुरुद्वारा पर उतरने के बद बैग खोल कर देखा तो उसमें रखी चेन, मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठी,चार चूड़ी नहीं थीं। ठगी की जानकारी होने के बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व में भी हो चुकीं हैं घटनाएं। कुछ दिनों पूर्व बाजार में एक दुकान पर बैठी महिला से भी ठगी की कोशिश की गई थी। मगर ठग सफल नहीं हो सके थे। भैया दौज के दिन मोटा रोड स्थित पानी की टंकी के समीप एक महिला के आभूषण ठगों ने उतरवा लिए थे। क्षेत्र में लगातार हो रही ठगी की घटनाओं के बाद पुलिस भी आरोपियों की तलाश् में जुटी है।