मैनपुरी। संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारी जन शिकायतों को खुद देखकर निस्तारित करें। मौके पर जाकर पीड़ित से उसकी दिक्कतों को समझें। फरियादी के संतुष्ट होने पर आख्या दें। कब्जे की शिकायत पर राजस्व, पुलिस की टीम बनाकर कार्रवाई की जाए। निस्तारण मे देरी, गलत आख्या पर संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई होगी। ये बातें संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील कुरावली में नोडल अधिकारी शंभूनाथ ने कही।
उन्होंने कहा बेसिक शिक्षा से जुड़े अधिकारी शिक्षण कार्य की गुणवत्ता सुधारें, शिक्षकों, चिकित्सकों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में दवाई उपलब्ध रहे। जिलाधिकारी प्रदीप कुमार ने संपूर्ण समाधान दिवस से बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित एसओसी चकबंदी, डिप्टी आरएमओ को चेतावनी जारी की।
नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कुरावली में गत संपूर्ण समाधान दिवस की नौ शिकायतें विभिन्न विभागों में अभी भी लंबित हैं। सचिव मंडी को चेतावनी देते हुए लंबित शिकायत पर दो दिन में सपष्टीकरण तथा निस्तारण आख्या देने को कहा। इधर, इस बार संपूर्ण समाधान दिवस में 94 शिकायतें आईं। इनमें से नौ का मौके पर निस्तारण किया गया।
पुलिस अधीक्षक राजेश एस ने पुलिस से संबंधित, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार गुप्ता ने विकास से संबधित समस्याएं सुनीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद गुप्ता, उप जिलाधिकारी कुरावली अमित कुमार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी सिद्धार्थ अंबेडकर, जिला विकास अधिकारी जेएन कुरील, परियोजना निदेशक एससी मिश्रा, अर्थ एवं संख्याधिकारी बीएस यादव, आचार्य टीईपी सेंटर जेके त्रिवेदी मौजूद रहे।