थाना सदर के राजपुर चुंगी में गुरुवार दोपहर 1:40 बजे बाइकर्स गैंग ने पिता के साथ बाइक से बाजार जा रही महिला के गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ली। बदमाशों के झपट्टे में महिला और उसके पिता बाइक गिरने से घायल हो गए। हालांकि उन्होंने बदमाशों का पीछा किया। बदमाश इन्फेेंट्री लाइन पुलिस चौकी के सामने निकल गए। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।
शमसाबाद निवासी गुंजन पत्नी टिंकू का मायका जंगजीत नगर में है। वह मायक आई हुई है। गुरुवार दोपहर को वह पिता कंचन के साथ बाइक से बाजार जा रही थी। उसे बच्चों की यूनिफार्म खरीदनी थी। राजपुर चुंगी के पास बाधवा सिटी के सामने अपाचे पर दो बदमाश आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने गुंजन के गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ली। उसने रोकने का प्रयास किया तो बदमाश ने धक्का दे दिया, जिससे पिता-पुत्री गिर पड़े। हालांकि बाइक उठाने के बाद उन्होंने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। बदमाश 500 गज की दूरी पर स्थित इन्फेेंट्री लाइन पुलिस चौकी के सामने से भाग गए। मगर, चौकी पर पुलिस नहीं थी। कंचन और गुंजन ने टक्कर रोड तक बदमाशों का पीछा किया। इसके बाद वह भाग निकले। उन्होंने पुलिस चौकी पर आकर घटना की जानकारी दी। कंचन का कहना है कि दरोगा ने पहले तो सुनवाई नहीं की। बाद में चौराहे पर मार्केट के पास ले जाकर पूछताछ की। कुछ देर बाद एक संदिग्ध को पुलिस पकड़ लाई। उससे पूछताछ कर रही है।