मैनपुरी। पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हो रहा है। इसका नमूना एक बार फिर एसपी की औचक चेकिंग में उस समय मिला जब लखनऊ एक्सप्रेस वे पर तैनात डायल 100 गाड़ी की पूरी टीम मौके पर सोती हुई मिली। एसपी ने तीनों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
मैनपुरी में भी यूपी-100 की गाड़ियां 24 घंटे निर्धारित बिंदुओं पर तैनात रहती हैं। इसके बाद भी लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। मंगलवार देर रात एसपी ने शहर से लेकर देहात तक यूपी100 के अलावा बीट सिपाहियों की भी मौके पर जाकर चेकिंग की। करहल और एक्सप्रेस वे का निरीक्षण किया तो करहल में एक्सप्रेस वे पर पीआरबी 690 मौके पर खड़ी थी लेकिन उसमें तैनात एक दरोगा और दो सिपाही गहरी नींद में सो रहे थे। स्थिति यह थी कि एसपी की गाड़ी का हूटर सुनने के बाद भी उनकी नींद नहीं टूटी। इस पर गुस्साए एसपी राजेश एस ने तीनों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।