मैनपुरी/कुरावली। मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार को सुबह सात बजे तक होती रही। इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली मौसम खुशनुमा बना रहा। फूलबाग और लोहिया पार्क में लोगों की चहलपहल रही। अधिकतम तापमान भी 34.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं कुरावली में बारिश से एक झोंपड़ी ढह गई।
मंगलवार देर शाम तक गर्मी से परेशान लोगों को रात में हुई तेज बारिश से राहत मिली फिर बुधवार सुबह तेज बारिश के साथ दिनभर बादलों की आवाजाही ने मौसम को सुहावना बना दिया। इसके बाद बारिश भले ही नहीं हुई हो लेकिन बादलों ने उमस भरी भीषण गर्मी से निजात दिला दी। कई बार बादलों को देखकर लगा कि जमकर बारिश होगी, लेकिन बारिश नहीं हुई। भीषण गर्मी और लू के चलते सन्नाटे में डूबे रहने वाले बाजारों में भी बुधवार को पूरे दिन फूलबाग और लोहिया पार्क में खासी रौनक रही।
कुरावली के मोहल्ला सुजरई निवासी काशीराम कठेरिया (80) पत्नी के साथ मिट्टी और लकड़ी से पटी झोंपड़ी में रहकर गुजर करते थे। तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते मकान की छत गिर गई। बुधवार सुबह मोहल्ला सराय निवासी विधवा बतूलन बेगम के मकान का बारिश से गिर गया।
बारिश के बीच रात भर बिजली की आवाजाही
बारिश के बीच पूरी रात शहर में बिजली की आवाजाही बनी रही। सुबह के समय तो कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। शहर के महमूदनगर, मिश्राना, कटरा, चौथियाना, बागवान, सोतियाना, छपट्टी, वंशीगौहरा, देवपुरा में सुबह के समय आपूर्ति बाधित रही जिससे लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ा।
अधिशासी अभियंता एके पांडेय का कहना है बारिश के बीच सुरक्षा के लिहाज से आपूर्ति बाधित की जाती है। मगर बारिश थमते ही आपूर्ति चालू कर दी जाती है। उपभोक्ताओं के फोन आने पर उनको सही जानकारी भी दी जाती है।