टूंडला । थाना क्षेत्र के गांव नगला तेजा में पेड़ पर चढ़ा किशोर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। बालक की मौत होने पर परिजनों सहित ग्रामीणों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया और शव को नहीं उतारने दिया। परिजनों की मांग थी कि मौके पर विभाग के अधिकारी आएं लेकिन समाचार लिखे जाने तक बिजली विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।
नगला तेजा निवासी दिव्यांश (10) गांव के बच्चों के साथ पहिया चला रहा था। इसी दौरान एक बच्चे ने पहिया उठा कर बीजा देवी इंटर कालेज के सामने पेड़ पर फेंक दिया। इस पर दिव्यांश पहिया उतारने के लिए पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ से होकर 11 हजार हाईटेंशन लाइन जा रही थी। इसकी चपेट में आने से दिव्यांश की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विभाग की लापरवाही को लेकर हंगामा करने लगे। उनका आरोप था हाईटेंशन लाइन को नीचे से गुजारा गया है। इसकी शिकायत पहले भी की गई थी लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। इसके परिणाम स्वरूप उनके बेटे की जान चली गई। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर हंगामा किया। मोके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया लेकिन वे अधिकारियों के आने की बात पर ही अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक विभागीय अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे।
अनिल कुमार शर्मा, एसडीओ बिजली, टूंडला का कहना है कि विभाग की कोई गलती नहीं है, फिर भी वहां गये थे। ग्रामीणों के रुख को देखते हुए वापस आ गये। ग्रामीण सभ्यता का परिचय दें तो जो उनकी मांग है उसे सुना व माना जायेगा।
फोटो-