आगरा। रघुवीर पुरम गढ़ी भदौरिया निवासी मोनिका शर्मा ने ‘अमेरिकन एस्ट्रोनोटिकल सोसाइटी’ की ओर से आयोजित कैनसेट (एयरोस्पेस) प्रतियोगिता 2017 में प्रथम स्थान हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है।
इस प्रतियोगिता का आयोजन अमेरिका के टेक्सास शहर में 9 से 11 जून तक किया गया था। दुनिया भर के 40 देशों की टीमों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। ‘यूनीवर्सिटी आफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज’ देहरादून में अध्ययनरत बीटेक (एरोस्पेस) तृतीय वर्ष की छात्रा मोनिका ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
आयोजन स्थल पर मोनिका ने सेटेलाइट और ग्लाइडर को एक साथ सफलता पूर्वक लांच कर सभी को आश्चर्यचकित कर प्रथम स्थान हासिल किया। बचपन से मेधावी छात्रा रहीं मोनिका अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला एवं अपने दादा महेश चंद्र शर्मा (पूर्व वायु सेना अधिकारी) को आदर्श मानती हैं। मोनिका ने इस सफलता का श्रेय ईश्वर, गुरुजन और परिवार को दिया है। मोनिका के पिता राजेश शर्मा स्कूल संचालक और मां चंद्रकांता अध्यापिका हैं।