मैनपुरी। बेसिक शिक्षा विभाग में पारस्परिक स्थानांतरण के लिए जिले के 706 शिक्षक- शिक्षिकाओं ने आवेदन किए हैं। आवेदनों की जांच के बाद विभागीय अधिकारी अंतिम सूची तैयार करेंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग में दो महीने से जनपद के बाहर और अंदर पारस्परिक स्थानांतरण के लिए आवेदन का काम चल रहा था। आवेदन प्रक्रिया में तीन बार समय बढ़ाया गया। तीन मई अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। अंतिम तिथि तक जिले में 252 शिक्षक- शिक्षिकाओं ने जनपद के बाहर और 454 शिक्षक- शिक्षिकाओं ने जनपद के अंदर पारस्परिक स्थानांतरण के लिए आवेदन किया है। बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि आए हुए आवेदनों की जांच का कार्य शुरू कर दिया गया है। जांच के बाद अंतिम सूची तैयार की जाएगी। विभागीय आदेशों के अनुसार पारस्परिक स्थानांतरण के कार्य को पूर्ण किया जाएगा।