सहभागिता का प्रमाणपत्र दिखाते अनुज कुमार। स्रोत स्वयं
एटा। शहर के रहने वाले 68 वर्षीय अनुज यादव ने चैन्नई में हुई 23वीं एशिया मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रतिभाग किया। इसके साथ ही उनका नाम अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में दर्ज हो गया। हालांकि इस प्रतियोगिता में ट्रिपल जंप के दौरान घुटने में चोट लगने की वजह से अन्य प्रतियोगिता में प्रतिभाग नहीं कर सके।
ग्रामीण बैंक से सेवानिवृत्त अनुज यादव ने 5 से 9 नवंबर तक आयोजित हुई इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। एशिया के 23 देशों के कुल 4048 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। सभी 65 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ी थे। उन्होंने बताया कि ट्रिपल जंप में प्रतिभाग करते वक्त उनके घुटने में चोट लग गई। इसकी वजह से वह ऊंची कूद और 100 मीटर दौड़ में प्रतिभाग नहीं कर सके।
शहर के पंडित गोविंद बल्लभ पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम के सामने रहने वाले अनुज यादव 6 बार हैट्रिक के साथ लगातार स्टेट चैंपियनशिप एवं तीन बार नेशनल चैंपियनशिप में कुल 23 पदक जीत चुके हैं। इनमें 12 स्वर्ण पदक, 5 रजत एवं 6 कांस्य पदक शामिल हैं। यूपी मास्टर एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबा दीन चौधरी एवं कार्यवाहक सचिव राजेश सिंह तथा उपक्रीड़ाधिकारी पूजा भट्ट ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।