मैनपुरी। शासन के निर्देश के बाद आखिरकार जिले के 68 जर्जर विद्यालय भवनों को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ध्वस्तीकरण समिति की सहमति के बाद जर्जर विद्यालय भवनों को गिराने के लिए नीलामी का कार्य शुरू कर दिया गया है। बीएसए ने बताया कि 31 मार्च तक सभी जर्जर भवनों की नीलामी कराकर ध्वस्त कर दिया जाएगा।
हाईकोर्ट ने जर्जर भवनों को गिराने के लिए शासन को निर्देश दिए थे। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने बीएसए विजय प्रताप सिंह से एक साल पहले जिले के जर्जर भवनों की रिपोर्ट मांगी थी। बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों से जांच कराई तो जिले में 76 विद्यालय भवन जर्जर मिले। बीएसए ने इसकी जानकारी शासन को भेजी थी। शासन ने जिलाधिकारी को ध्वस्तीकरण और नीलामी समितियों का गठन कर जांच कराते हुए जर्जर भवन गिरवाने के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी के निर्देश पर हुई जांच के बाद ध्वस्तीकरण समिति ने 68 विद्यालयों के ध्वस्तीकरण की सहमति दी है। भवन को ध्वस्त करने से पहले नीलामी समिति को भवन में मलवे की नीलामी करानी होगी। बीएसए के निर्देश पर नीलामी का कार्य शुरू कर दिया गया है।
ध्वस्तीकरण समिति में ये अफसर हैं शामिल
ध्वस्तीकरण समिति में अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा को अध्यक्ष बनाया गया है। सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग और सहायक अभियंता लघु सिंचाई विभाग को सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस समिति ने 76 में से 68 विद्यालय भवनों को ध्वस्तीकरण की सहमति दी है। सात भवनों को मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। एक भवन के संबंध में निर्णय नहीं हो सका है।
नीलामी समिति में ये लोग हैं शामिल
नीलामी समिति को बीएसए ने जर्जर विद्यालय भवनों की नीलामी कराने के निर्देश दिए हैं। इस समिति में संबंधित क्षेत्र के खंड शिक्षाधिकारी को अध्यक्ष नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी तथा सहायक विकास अधिकारी पंचायत को नीलामी समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
किस विकास खंड में कितने भवन होंगे ध्वस्त
विकास खंड मैनपुरी में 10, करहल में नौ, बरनाहल में चार, घिरोर में सात, कुरावली में नौ, किशनी में नौ, जागीर में छह, सुल्तानगंज में नौ और बेवर में पांच विद्यालयों के जर्जर भवन ध्वस्त किए जाएंगे।
इन विद्यालयों की होगी मरम्मत
करहल विकास खंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय सहन, बरनाहल के प्राथमिक विद्यालय इकहरा, घिरोर के प्राथमिक विद्यालय शहजादेपुर, किशनी के उच्च प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर, सुल्तानगंज के प्राथमिक विद्यालय देवगंज और बेवर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय नंदुलिया और नगला बिंद्रा की मरम्मत कराई जाएगी।
जर्जर भवनों की नीलामी का कार्य शुरू कर दिया गया है। नीलामी का कार्य पूरा होते ही भवनों को ध्वस्त करा दिया जाएगा। भवन नीलामी समिति की देख रेख में ही ध्वस्त किए जाएंगे।
विजय प्रताप सिंह, बीएसए