मैनपुरी। सोमवार की देर रात से अचानक मौसम में परिवर्तन हो गया। आंधी के साथ दिन में कई बार बूंदाबांदी भी हुई। मंगलवार को सारे दिन बादल छाए रहने से मौसम सुहावना रहा। लोगों ने मौसम को देखते हुए बाजारों में पहुंचकर खरीदारी की। वहीं किसान चिंतित दिखे।
सोमवार की देर रात अचानक आकाश में काले बादल छा गए। देखते ही देखते आंधी चलना शुरू हो गई। कई बार रात के समय ही बूंदाबांदी भी हुई। इसके बाद मंगलवार को सारे दिन आकाश में बादल छाए रहे। जिससे लोगों ने गर्मी में राहत की सांस ली। तेज हवाओं के साथ छाए बादलों का लुत्फ उठाने के लिए लोग नगर के पार्कों में भी पहुंचे। यहां लोगों ने मौसम का आनंद लिया। देर शाम तक जिले में काले बादल छाए रहे।
वहीं, एक तरफ मौसम में बादल छाए रहने से जहां गर्मी से लोगाें को निजात मिली है वहीं दूसरी तरफ किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। किसानों के खेत में इस समय गेहूं की फसल की कटाई का कार्य किया जा रहा है। तेज हवाओं के चलते लोग गेहूं की फसल की कटाई नहीं कर सके वहीं किसानों की चिंता है कि कहीं तेज बारिश हुई तो गेहूं की फसल में भारी नुकसान होगा।