वृंदावन (मथुरा)। रंगभरनी एकादशी पर रविवार को राधावल्लभ घेरा से बग्गी में सवार होकर प्रिया-प्रियतम ने नगर भ्रमण कर भक्तों पर अबीर-गुलाल बरसाया। अखिल भारतीय वैष्णव महासभा के तत्वावधान में निकाली गई शोभायात्रा में सबसे आगे चल रहे बैंडबाजों की धुन पर फाग गायन पर भक्त भी जमकर झूमे। कीर्तन मंडलियों ने वातावरण को भक्तिमय बनाया।
शोभायात्रा छोटा रास मंडल, बड़ा रास मंडल, अठखंभा, वनखंडी, लोई बाजार, रेतिया बाजार, बजाजा बाजार, किशोर पुरा होते हुए पुन: मंदिर प्रांगण में पहुंची, जहां ठाकुर जी की आरती महासभा के अध्यक्ष जोगेंद्र बल्लभ ने उतारी। इस दौरान राकेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल, यतींद्र बल्लभ गोस्वामी, विष्णु शर्मा आदि मौजूद रहे।