मैनपुरी। नगर के आरसी महिला डिग्री कॉलेज की एनएसएस इकाई द्वारा संचालित सात दिवसीय शिविर का समापन हो गया। अंतिम दिन छात्राओं ने सड़क सुरक्षा कार्यक्रम को लेकर कॉलेज में गोष्ठी का आयोजन कर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। विशेष शिविर के सातवें दिन स्वयंसेवियों ने अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। छात्राओं ने यातायात नियमों के माध्यम से एक नुक्कड़ नाटक करके यातायात जागरूकता का संदेश देते हुए बताया कि हम सभी को सड़क यातायात नियमों की अच्छे से जानकारी होनी चाहिए।
खासकर बच्चों एवं युवा वर्ग को यातायात के नियमों की जानकारी न होने या नियमों की अनदेखी के कारण मौत के शिकार हो जाते हैं। जिनका खामियाजा उनके परिजनों को भुगतना पड़ता है। अत: यातायात सुरक्षा के नियम को जानना और उनका पालन करना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शैफाली यादव ने शिविर के सफलता पूर्वक संचालित होने पर स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि राष्ट्र की युवा शक्ति के व्यक्तित्व के विकास के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना एक आवश्यक कदम है। समापन अवसर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कुसुम यादव ने कहा कि सात दिवसीय शिविर में छात्राओं ने जो भी जानकारियां हासिल की हैं उन्हें अपने वास्तविक जीवन में भी उतारें।