कासगंज। अफगानिस्तान से भारत घूमने आई युवती दिल्ली से लापता हो गई। युवती के भारत ठहरने की अवधि समाप्त होने पर उसकी तलाश शुरू की गई। अफगानिस्तान और भारतीय दूतावास के अधिकारी लगातार युवती के बारे में पता कर रहे थे। इस बीच युवती के कासगंज के अमापुर में होने की जानकारी मिली। इस पर दूतावास और दिल्ली पुलिस कर्मी कासगंज पहुंचे और एसपी से मिलकर पूरा मामला बताया। युवती की गुमशुदगी अमांपुर थाने में दर्ज कर ली गई है।
बताया जा रहा है कि युवती पिछले माह नवंबर में भारत आई थी। शनिवार को कासगंज पहुंचे दूतावास के लोगों ने एसपी को बताया कि दिल्ली पुलिस ने जिन लोगोें को युवती के साथ ट्रेस किया गया है वह कासगंज के अमांपुर के रहने वाले हैं। लेकिन वर्तमान में दिल्ली में रह रहे हैं, लेकिन उनके अधिकतर रिश्तेदार अमांपुर में ही रह रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अमांपुर पुलिस को गुमशुदगी दर्ज करने और बताए जा रहे आरोपियों की तलाश करने के निर्देश दिए। इसके बाद अमांपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।