मैनपुरी। जिले में एचआईवी पॉजिटिव मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ रही है। जिला अस्पताल में दर्ज रिकार्ड के अनुसार 16 साल में 354 मरीज एचआईवी पॉजिटिव पाए गए हैं। वर्ष 2018 में अब तक 26 मरीजों में एचआईवी के लक्षण मिले हैं।
एक जनवरी 2018 से अब तक कुल 3753 मरीजों ने एचआईवी की जांच जिला अस्पताल स्थित एआरटी सेंटर में कराई। यहां जांच के दौरान 12 पुरुष, 11 महिलाओं और एक बच्चे में एचआईवी पॉजिटिव मिला है। इनका जिला अस्पताल स्थित सब एंटी रेट्रोवायरल थैरेपी (सब एआरटी) सेंटर पर उपचार चल रहा है।
जिले में वर्ष 2002 से एड्स की जांच का रिकार्ड उपलब्ध है। इस रिकार्ड पर यदि नजर डालें तो पिछले 16 वर्ष में जिले में 354 मरीज एचआईवी पॉजिटिव मिले हैं। अक्तूबर माह में एक पुरुष और नवंबर में एक महिला एचआईवी पॉजिटिव पाई गई है। जिला अस्पताल के लैब टेक्निशियन नरसिंह राठौर बताते हैं कि जिला जेल में बंद कैदियों की भी हर माह जांच कराई जा रही है। वर्तमान में जेल में बंद तीन कैदी भी एचआईवी पॉजिटिव हैं।