वृंदावन (मथुरा)। थाना कोतवाली के अंतर्गत गौरा नगर कालोनी में एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोर हजारों की नकदी और सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
श्याम सुंदर देवनाथ का गौरा नगर कालोनी में मकान है। श्याम सुंदर की पत्नी दो माह पूर्व मायके पश्चिम बंगाल चली गई। वहीं श्याम भी पिछले दिनों लखनऊ किसी काम से गए थे, मकान पर ताला लगा था। इसी दौरान रात को चोर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए।
चोरों ने मकान के अंदर की अलमारियों के ताले तोड़कर उसमें रखे 30 हजार रुपये नकद, दो सोने के मंगलसूत्र, कानों के कुंडल आदि चोरी कर लिए। चोरी की जानकारी सोमवार की सुबह पड़ोसियों को उस समय हुई जब उन्होंने दरवाजे का ताला टूटा देखा।
पड़ोसियों की सूचना पर श्याम के चाचा विवेकानंद देवनाथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना के संबंध में विवेकानंद देवनाथ ने कोतवाली में तहरीर दी है।