किसानों ने तीन घंटे बाधित रखा रेल मार्ग
- फोटो : अमर उजाला
एटा। समग्र विकास परिषद के बैनर तले सोमवार को किसानों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों और कार्यकर्ताओं ने रेल मार्ग को तीन घंटे तक बाधित रखा। इस दौरान किसानों की समझाने पहुंचे अधिकारियों से नोक-झोंक भी हुई। इस पर किसानों ने गिरफ्तारी देने के लिए हामी भर दी। बाद में अधिकारी एक सप्ताह में समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन देकर चले गए।
समग्र विकास परिषद के बैनर तले धरने को लेकर सोमवार सुबह से धरनास्थल पर किसान जुटना शुरू हो गए। किसानों का जुलूस कलक्ट्रेट से शुरू होकर जीटी रोड, रेलवे रोड होते हुए एटा रेलवे स्टेशन पहुंचा। यहां किसान रेलवे क्रासिंग पर फर्श बिछाकर बैठ गए। इस दौरान लगभग तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। प्रदर्शन के दौरान रेलवे और जिला प्रशासन अधिकारी किसानों को मनाने पहुंचे तो अधिकारियों के साथ किसानों की नोकझोंक हो गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों को कार्रवाई का भय दिखाया तो किसान गिरफ्तारी देने को तैयार हो गए। किसानों का आक्रोश देखकर प्रशासन बैकफुट पर आ गया। इस दौरान किसानों ने कहा कि अधिकारी जन समस्याओं का निस्तारण समय से नहीं कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस मौके पर एएसडीएम रामशंकर सिंह, तहसीलदार सदर दुर्गेश यादव, सीओ सिटी वरुण कुमार ने डीएम से बात कर एक सप्ताह में समस्या समाधान करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर समग्र विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल संघर्षी, राष्ट्रीय महासचिव सुरेंद्र शास्त्री, प्रदेश महासचिव अरविंद शाक्य, डा. राजपाल वर्मा, द्वारिका प्रसाद वर्मा, थान सिंह लोधी, राघव, अवधेश यादव, डा. राजेश पथरिया, मुनेश उर्फ मोनू, प्रवेश यादव, रवी यादव, अखंड प्रताप, श्यामा बेगम, सुनीता देवी, सविता, शकुंतला देवी, लाडो देवी मौजूद रहे।