जसराना। जसराना में एक व्यक्ति द्वारा सरकारी राशन की कालाबाजारी की शिकायत लोगों ने एसडीएम से की। एसडीएम ने पूरे मामले से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम ने छापेमारी कर चक्की के पीछे बने कमरे में भारी मात्रा में सरकारी राशन पकड़ा। सरकारी राशन पकडे जाने पर कोटेदारों में हड़कंप मच गया। आरोपी मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए अभियोग दर्ज कराने के लिए जिलाधिकारी से अनुमति मांगी है।
एसडीएम जसराना मोहम्मद रिजवान से लोगों ने शिकायत की जसराना के पचवा रोड के सामने एक चक्की पर राशन की कालाबाजारी की जा रही है। कोटेदार का राशन खरीदा जा रहा है। कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी से अनुमति लेने के बाद एसडीएम ने मुखबिर लगा दिए। सोमवार को मुकेश की चक्की के पीछे बने कमरे में सरकारी राशन रखे होने की सूचना मिली तो एसडीएम ने छापा मारा। एसडीएम द्वारा छापामार कार्रवाई करने पर चक्की मालिक भाग गया। एसडीएम को एक कमरे में रखा भारी मात्रा में गेहूं मिला।
एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को बुलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि कमरे में 68 मशीन से सिले हुए जबकि 20 लूज सिले हुए बोरे मिले हैं। चक्की मालिक मुकेश कुमार के खिलाफ सरकारी राशन की कालाबाजारी करने का अभियोग दर्ज कराने के लिए अनुमति जिलाधिकारी से मांगी है। अनुमति मिलते ही अभियोग दर्ज कराया जाएगा। एसडीएम मोहम्मद रिजवान ने कहा कि शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई की गई है।
पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार ने कहा कि जिलाधिकारी से अनुमति मिलते ही आरोपी के खिलाफ अभियोग दर्ज कराने के बाद किस कोटेदार के यहां से राशन आ रहा था। जांच कराई जाएगी। दोषी कोटेदार के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।