मथुरा। दीपावली पर मथुरा और अयोध्या के सभी मंदिरों को भव्य रूप से सजाया जाएगा। मथुरा में श्री कृष्ण जन्मस्थान पर ही 5100 दीपक जलाए जाएंगे। सभी मंदिरों पर रंगबिरंगी झालरों के साथ सुगंधित फूलों की मालाएं भी लगाईं जाएंगी। ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने भी इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इस साल भी अयोध्या, मथुरा के साथ सभी धार्मिक शहरों के प्रमुख मंदिरों को दीपावली पर सजाया जाएगा। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, राधाकुंड, गोकुल, महावन में भी इसे लेकर तैयारियां शुरू हो गईं हैं। क्योंकि तीर्थस्थल घोषित होने के बाद यह पहली दीपावली होगी लिहाजा ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने भी प्लान बना लिया है। मथुरा के प्रवेश मार्ग पर भी सजावट की जाएगी। नगर निगम ने भी शहर को रोशन करने के लिए 10 हजार लाइटों की मांग की है। यह लाइटें पूरे मथुरा महानगर में लगाई जानी हैं।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि इस बार 5100 दीपक जलाए जाएंगे। सुंदर रंगोली भी सजाया जाएगा। दीपावली से तीन दिन पहले मंदिर को सजा दिया जाएगा। इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। कपिल शर्मा ने बताया कि सुगंधित फूलों से भी मंदिर को सजाया जाएगा। वहीं द्वारिकाधीश मंदिर को भी सजाया जाएगा। मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि यमुना के किनारे भी रोशनी की जाएगी।
सभी धार्मिक स्थलों को करेंगे रोशन: श्रीकांत शर्मा
मथुरा। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने फोन पर हुई बातचीत में कहा कि दीपावली पर मथुरा, अयोध्या के साथ सभी धार्मिक शहरों में विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। पर्यटन विभाग के साथ ही सरकारी मशीनरी को भी लगाया जा रहा है।